जम्मू। वार्षिक अमरनाथ यात्रा पर रवाना होने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में गिरावट का सिलसिला वीरवार को भी जारी रहा। भगवती नगर स्थित यात्री निवास से वीरवार तड़के अब तक का सबसे छोटा 609 श्रद्धालुओं का जत्था भगवान शिव की आराधना करते हुए कश्मीर के लिए रवाना हुआ। इनमें 429 पुरुष, 127 महिलाएं, चार बच्चे व 49 साधु शामिल रहे।
श्रद्धालु एसआरटीसी की 16 बसों व पांच छोटे वाहनों में सवार होकर यात्रा पर रवाना हुए। श्रद्धालुओं के साथ सुरक्षाबलों की टुकड़ियां भी रवाना हुई हैं। भगवान शिव के जयघोष लगाते हुए श्रद्धालुओं का काफिला सुबह आठ बजे ऊधमपुर व 11 बजे पत्नीटॉप पार कर चुका था। इस बीच यात्री निवास में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी कम हो रही है। वीरवार दोपहर तक करीब 400 श्रद्धालु ही यात्री निवास पहुंचे थे।
अमरनाथ यात्रा में लंगर सेवक की मौत
श्रीनगर- अमरनाथ यात्रा में शामिल एक लंगर सेवक की गुरुवार को ह्रदयगति रुकने से मौत हो गई। इसके साथ ही यात्रा के दौरान मरने वाले श्रद्धालुओं की संख्या 11 हो गई है। उसकी पहचान 65 वर्षीय अनिल कुमार पुत्र वेदराव निवासी जगजीत नगर ए-20 कटवार दिल्ली के रूप में हुई है। वह मनीगाम इलाके में शिव मंडल नामक लंगर में सेवक था।
अधिकारियों के अनुसार अनिल कुमार ने सुबह छाती में तेज दर्द की शिकायत की और अचेत हो गया। उसके सहकर्मियों ने उसे अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी मौत ह्रदय गति रुकने से हुई है। दूसरी तरफ बालटाल व पहलगाम से 3200 श्रद्धालुओं का जत्था पवित्र गुफा की तरफ रवाना हुआ। गुफा की तरफ रवाना होने वाला यह सबसे छोटा जत्था था। अभी तक 31 लाख 36 हजार 11 श्रद्धालु बाबा अमरनाथ के दर्शन कर चुके हैं।