भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल स्थित शासकीय सरोजिनी नायूड स्कूल (नूतन स्कूल) में 4 सितंबर को छात्राओं ने जमकर हंगामा किया। उन्होंने एक टीचर के खिलाफ आरोप लगाते हुए स्कूल में तोड़-फोड़ भी की। इस प्रदर्शन में कुछ छात्राएं बेहोश भी हो गईं। उन्हें उन्हें कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने अपनी गाड़ी से जेपी अस्पताल भिजवाया।

छात्राओं का आरोप है कि लेट आने पर स्कूल की HR मैनेजर उनसे सफाई कराती हैं, घास कटवाती हैं। आर्मी में दिए जाने वाले पनिशमेंट यहां के बच्चों को देती हैं। मौके पर शिक्षा विभाग के अधिकारी और कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद भी पहुंच गए। हंगामा बढ़ता देख HR मैनेजर वर्षा झा को हटा दिया गया है।

प्रदर्शन कर रही छात्राओं ने कहा, ‘एक मैम हैं, जो एक मिनट भी लेट स्कूल पहुंचने पर बाहर खड़ा कर देती हैं। सभी से गंदा सलूक करती हैं। कहती हैं कि हमसे बहस मत करो। सभी छात्राओं को प्रताड़ित करती हैं। कई बार तो पेरेंट्स को भी स्कूल में नहीं आने दिया जाता।’ छात्राओं का कहना है कि, स्कूल में लेट आने पर झाड़ू-पोंछा लगवाते हैं। कचरा उठवाते हैं और टॉयलेट साफ कराते हैं। हमारे हाथ के कड़े रख लेते हैं, वापस भी नहीं करते।

मामले को लेकर पूर्व केन्द्रीय मंत्री अरुण यादव ने राज्य सरकार कर हमला बोला है। यादव ने अपने X हैंडल पर लिखा, ‘भाजपा के राज में छात्राओं, बेटियों, महिलाओं पर अत्याचार जारी। अब मामला भोपाल के सरोजिनी नायडू शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का आया है, जिसमें लेट आने पर छात्राओं से सफाई कराई जाती है। इस मांग को लेकर छात्राओं काे प्रदर्शन करना पड़ा। क्या यही है बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की हकीकत?’