भोपाल :गृह मंत्री श्री बाबूलाल गौर ने आज सीहोर जिले के बुदनी औद्योगिक क्षेत्र में ट्राईडेन्ट ग्रुप परिसर में पुलिस चौकी का शिलान्यास किया। उन्होंने अस्थायी रूप से बनाई गई पुलिस चौकी का शुभारंभ भी किया। इस अवसर पर श्री गौर ने कहा कि प्रति वर्ष प्रदेश में 5 हजार पुलिस कर्मियों की भर्ती की जायेगी।
पुलिस चौकी का निर्माण जन-भागीदारी से 30 लाख की लागत से होगा। गृह मंत्री ने कहा कि उद्योगों के इस प्रयास से जन-भागीदारी कार्यों को बढ़ावा मिलेगा। श्री गौर ने कहा कि 5 हजार पुलिस कर्मियों की हर वर्ष भर्ती के साथ ही प्रत्येक थाना में 11-11 पुलिस वालेन्टियर भी भर्ती किये जायेंगे, जिन्हें 10 दिन का वेतन मिलेगा। इस मौके पर पुलिस महानिदेशक श्री नन्दन दुबे सहित उद्योगपति तथा नागरिक उपस्थित थे।