कुआलालम्पुर, 2 अप्रैल (आईएएनएस)। विश्व की सर्वोच्च वरीयता प्राप्त महिला बैडमिंटन स्टार भारत की सायना नेहवाल शानदार प्रदर्शन करते हुए 5 लाख डॉलर इनामी मलेशिया ओपन सुपर सीरीज प्रीमियर टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में पहुंच गईं लेकिन पुरुष वर्ग में एचएस प्रनॉय. के. श्रीकांत और पारूपल्ली कश्यप को दूसरे दौर में हार का सामना करना पड़ा।
महिला युगल अश्विन पोनप्पा और ज्वाला गुट्टा को भी हार का सामना करना पड़ा।
ओलम्पिक कांस्य पदक विजेता सायना ने पुत्रा स्टेडियम में गुरुवार को दूसरे दौर के मुकाबले में चीनी क्वालीफायर जुई याओ को हराया। सायना ने 30 मिनट में याओ को 21-13, 21-9 से पराजित किया।
क्वार्टर फाइनल में टूर्नामेंट की तीसरी वरीय खिलाड़ी सायना का सामना विश्व की 15वीं वरीयता प्राप्त चीनी खिलाड़ी सुन यू से होगा। चीनी खिलाड़ी ने दूसरे दौर में मलेशिया की बेइवेन झांग को 21-17, 20-22, 21-17 से हराया।
दूसरी ओर, प्रनॉय को चीन के लिन डैन के हाथों 15-21, 14-21 से हार मिली। पांच बार के विश्व चैम्पियन और विश्व के 14वें वरीय खिलाड़ी प्रनॉय के बीच 52 मिनट तक मुकाबला हुआ।
विश्व के 17वें वरीय और राष्ट्रमंडल खेल चैमिप्यन कश्यप को विश्व चैम्पियन चीन के चेन लोंग के हाथों हार मिली। कश्यप 35 मिनट में 15-21, 14-21 से हारे।
बीते रविवार को इंडिया ओपन खिताब जीतने वाले विश्व के चौथे वरीयता प्राप्त श्रीकांत को तियान होवेई ने -21-14, 21-18 से हराया। यह मैच 49 मिनट चला।
इसी तरह महिला युगल में गुट्टा और पोनप्पा को इंडोनेशिया की नित्या महेश्वरी और ग्रेसिया पोली की जोड़ी के हाथों 21-23 21-8 21-17 से हार मिली। यह मैच 58 मिनट चला।