Sunday , 29 September 2024

ब्रेकिंग न्यूज़
Home » भारत » मप्र : 10 बच्चों को मुंबई ले जाते 2 लोग जेल भेजे गए

मप्र : 10 बच्चों को मुंबई ले जाते 2 लोग जेल भेजे गए

इंदौर, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के इंदौर से 10 बच्चों को मुंबई ले जा रहे एक पुरुष और एक महिला को रेलवे पुलिस ने गिरफ्तार कर बच्चों को मुक्त कराया है। मंगलवार को दोनों आरोपियों को अदालत पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पुलिस को शक है कि इन बच्चों को धर्म परिवर्तन कराने के लिए ले जाया जा रहा था। ये बच्चे हालांकि धर्म परिवर्तन वाली बात मानने को तैयार नहीं हैं।

पुलिस अधीक्षक (रेलवे) मनकामना प्रसाद ने आईएएनएस को बताया कि सोमवार को अवंतिका एक्सप्रेस की तलाशी के दौरान इंदौर से 10 बच्चों को मुंबई ले जा रहे एक पुरुष और एक महिला को गिरफ्तार कर बच्चों को छुड़ाया गया। आशंका है कि इन बच्चों को धर्म परिवर्तन के लिए ले जाया जा रहा था।

प्रसाद के अनुसार, पकड़े गए पुरुष का नाम अमृत कुमार है और महिला का नाम अनीता फ्रांसिस है। इनसे जब पूछताछ की गई तो शक पक्का हो गया। सभी को गाड़ी से उतार लिया गया। बच्चों में चार लड़कियां और छह लड़के हैं।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि अनीता और अमृत के खिलाफ धर्म परिवर्तन के तहत मध्यप्रदेश धर्म स्वतंत्रता अधिनियम-1968 की धारा 3/4 और अपहरण की धारा 363 के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। दोनों को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। बच्चे आश्रय गृह भेजे गए हैं।

सूत्रों का कहना है कि कई बच्चे ऐसे हैं, जिनके माता-पिता में से एक ईसाई हैं, और ये सभी क्रिश्चियन कॉलोनी के निवासी हैं। कुछ बच्चों के माता-पिता ने स्वेच्छा से मुंबई के चर्च में प्रार्थना के लिए भेजा था। लेकिन अनीता और अमृत पर अपहरण की धारा लगाई गई है। बच्चे भी यह मानने को तैयार नहीं हैं कि उनका अपहरण किया गया है और उन्हें जबरन धर्म परिवर्तन कराने के लिए ले जाया जा रहा था।

संभव है, ‘स्मार्टनेस’ दिखाने के लिए इंदौर की राजकीय रेलवे पुलिस को इनाम से नवाजा जाए।

ज्ञात हो कि इससे पहले भी इंदौर में ही कुछ बच्चों को मुंबई ले जाए जाते वक्त रेलवे पुलिस ने मुक्त कराया था। ये बच्चे रतलाम व अन्य स्थानों से थे।

मप्र : 10 बच्चों को मुंबई ले जाते 2 लोग जेल भेजे गए Reviewed by on . इंदौर, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के इंदौर से 10 बच्चों को मुंबई ले जा रहे एक पुरुष और एक महिला को रेलवे पुलिस ने गिरफ्तार कर बच्चों को मुक्त कराया है। मं इंदौर, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के इंदौर से 10 बच्चों को मुंबई ले जा रहे एक पुरुष और एक महिला को रेलवे पुलिस ने गिरफ्तार कर बच्चों को मुक्त कराया है। मं Rating:
scroll to top