भोपाल, 3 अप्रैल (आईएएनएस)। झीलों के राज्य मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित इसके करीब-करीब सभी इलाकों में शुक्रवार सुबह मौसम गर्म है। धूप झुलसाने वाली है। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान मौसम शुष्क बने रहने और तापमान बढ़ने की संभावना जताई है।
राज्य में मौसम धीरे-धीरे गर्म होने लगा है। शुक्रवार को राजधानी भोपाल सहित अधिकांश इलाकों में आसमान साफ रहा। धूप में तल्खी महसूस की गई।
भोपाल में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 23.4 डिग्री, इंदौर में 19.1 डिग्री, ग्वालियर में 23.3 डिग्री तथा जबलपुर में 22.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में गुरुवार को अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री, इंदौर में 36.4 डिग्री, ग्वालियर में 34.4 डिग्री तथा जबलपुर में 36.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।