पटना, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को ेसुबह सात बजे से 32 विधानसभा क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। मतदान के लिए सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है।
पटना, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के तहत शुक्रवार को ेसुबह सात बजे से 32 विधानसभा क्षेत्रों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। मतदान के लिए सुरक्षा की चाक-चौबंद व्यवस्था की गई है।
बिहार चुनाव के दूसरे चरण के मतदान में छह जिले कैमूर, रोहतास, अरवल, जहानाबाद, औरंगाबाद और गया जिले के मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर रहे हैं।
दूसरे चरण में 86.13 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे जिनके लिए 9,119 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। पहले चरण में 32 महिलाओं सहित 456 उम्मीदवार मैदान में हैं।
दूसरे चरण में अधिकांश सीटें नक्सल प्रभावित हैं। इस चरण में जिन छह जिलों के 32 विधानसभा क्षेत्रों में मतदान होना है, उनमें 23 विधानसभा क्षेत्रों को नक्सल प्रभावित घोषित किया गया है। सामान्य विधानसभा क्षेत्रों में मतदाता सुबह सात बजे से शाम पांच बजे तक मतदान कर सकेंगे, जबकि नक्सल प्रभावित 11 सीटों पर मतदान अपराह्न् तीन बजे तक और 12 सीटों पर शाम चार बजे तक तय किया गया है।
सभी मतदान केंद्रों पर केंद्रीय सुरक्षाबल के जवानों की तैनाती की गई है। मतदान के लिए संबंधित जिलों में सार्वजनिक अवकाश की घोषणा कर दी गई है।
शांतिपूर्ण और निष्पक्ष मतदान के लिए राज्य एवं केन्द्रीय सुरक्षा बलों की कुल 993 कंपनियां तैनात की गई हैं तथा पांच हेलीकॉप्टरों की तैनाती की गई है। नक्सल प्रभावित इलाकों में ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है। मतदान को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 44,216 मतदानकर्मियों को लगया गया है।
इस चरण में कई हाइप्रोफाइल सीटें हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और हिन्दुस्तानी अवाम मोर्चा (हम) के अध्यक्ष जीतन राम मांझी, विधानसभा अध्यक्ष और जद (यू) नेता उदय नारायण चैधरी, भाजपा के वरिष्ठ नेता प्रेम सिंह, रामेश्वर चौरसिया, पूर्व मंत्री रामधनी सिंह, इलियास हुसैन तथा मांझी के पुत्र संतोष कुमार का राजनीतिक भविष्य आज मतदाताओं के हाथ में है।
इस चरण में राजग की ओर से भाजपा के 16, हम के सात, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) के छह, लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) के तीन उम्मीदवार हैं जबकि महागठबंधन में राजद और जद (यू) के 13-13 उम्मीदवार हैं तथा कांग्रेस के छह उम्मीदवार हैं।
इस चुनाव में कांग्रेस, राजद और जद (यू) महागठबंधन के तहत चुनाव मैदान में है, वहीं भाजपा नेतृत्व वाले राजग में लोजपा, राष्ट्रीय लोक समता पार्टी (रालोसपा) और हम है। वामपंथी दल एक अलग मोर्चा बनाकर चुनावी समर में ताल ठोंक रहा है, जबकि सपा के नेतृत्व में छह दलों का तीसरा मोर्चा भी चुनाव मैदान में उतरा है।
बिहार विधानसभा की कुल 243 सीटों के लिए 12 अक्टूबर से पांच नवंबर के बीच पांच चरणों में मतदान होना है। पहले चरण के तहत सोमवार को 49 सीटों पर मतदान हो चुका है। सभी सीटों की मतगणना आठ नवंबर को होगी।