नई दिल्ली, 5 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार के बर्खास्त मंत्री संदीप कुमार के निजी सचिव को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया। उस पर उस सेक्स वीडियो क्लिप को फैलाने का आरोप है, जिसमें संदीप और एक महिला यौनाचार में लिप्त दिख रहे हैं।
दिल्ली पुलिस के एक अधिकारी ने कहा कि प्रवीन कुमार को दिल्ली सचिवालय से उठाया गया और वीडियो फैलाने के मामले में पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है।
अधिकारी ने कहा कि इस मामले में उसकी भूमिका का पता लगाने के लिए जांच की जाएगी।
संदीप कुमार को रविवार को एक दिन के लिए पुलिस हिरासत में भेजा गया था। एक दिन पहले उन्हें वीडियो में मौजूद महिला की शिकायत पर दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। वीडियो में हालांकि संदीप और महिला दोनों निर्वस्त्र हैं और एक-दूसरे को चूमते हुए दिख रहे हैं।
अदालत ने सोमवार को संदीप की पुलिस हिरासत 8 सितंबर तक लिए बढ़ा दी।
पूर्व समाज कल्याण और महिला बाल विकास मंत्री को शनिवार की रात एक महिला के उत्तरी दिल्ली के सुल्तानपुरी पुलिस थाने में उनके खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत दर्ज किए जाने के बाद गिरफ्तार किया गया।
उनके खिलाफ धारा 376 (दुष्कर्म के लिए सजा) और 328 (इरादतन नशीले पदार्थ से हानि पहुंचाने) भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) के तहत मामले दर्ज किए गए।
उन पर सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67ए (यौन सामग्री के प्रकाशन या संचरण इलेक्ट्रॉनिक रूप में प्रकट करने) के तहत आरोप लगाए गए हैं।
महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि जब वह राशन कार्ड बनवाने सुल्तानपुरी इलाके के कार्यालय गई थी तो कुमार ने उसे यौन उत्पीड़न किया।
उसने यह भी आरोप लगाया कि संदीप ने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर उसे पिलाया, उसके बाद उसे पता नहीं चला कि उसके साथ क्या हुआ।
संदीप कुमार को बुधवार को सेक्स वीडियो वायरल होने के बाद बर्खास्त कर दिया गया था। उन्होंने गुरुवार को अपना बचाव किया और यह कहते हुए अपना इस्तीफा दिया कि दलित होने की वजह से उन्हें निशाना बनाया जा रहा है।