भोपाल, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित अन्य स्थानों पर पिछले दो दिनों में पड़ी बौछारों ने मंगलवार सुबह खुशनुमा बना दी। मौसम विभाग ने आने वाले 24 घंटों के दौरान बौछारें पड़ने की संभावना जताई है।
राज्य में मंगलवार सुबह सुहावनी रही। आसमान में बदली छाई रही और हवाओं ने ठंडक का अहसास कराया। मौसम में आए इस बदलाव से तापमान में गिरावट आई है। बीते 24 घंटों के दौरान इंदौर, भोपाल, जबलपुर, उज्जैन और सागर संभाग के कई इलाकों में बौछारें पड़ी थीं। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान भी यही क्रम बने रहने की संभावना जताई है।
मध्य प्रदेश के तापमान में बीते 24 घंटों में गिरावट दर्ज की गई है। राजधानी भोपाल में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 20.2 डिग्री, इंदौर में 19.3 डिग्री, ग्वालियर में 18.6 डिग्री और जबलपुर में 20.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, सोमवार को भोपाल में अधिकतम तापमान 30.1 डिग्री, इंदौर में 28.5 डिग्री, ग्वालियर में 34 डिग्री और जबलपुर में 32.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।