नई दिल्ली, 14 जनवरी (आईएएनएस)। केन्द्रीय जल संसाधन, नदी विकास तथा गंगा पुनरूद्धार मंत्री उमा भारती ने नई दिल्ली स्थित प्रगति मैदान में भारत जल सप्ताह प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। यह प्रदर्शनी 17 जनवरी तक चलेगी।
इस कार्यक्रम में ऑस्ट्रेलिया साझेदार देश है और जल संसाधनों के क्षेत्र में प्रौद्योगिकीय उन्नयन दर्शाने के लिए आयोजित प्रदर्शनी में 30 ऑस्ट्रेलियाई कंपनियां भाग ले रही हैं। इसमें महाराष्ट्र एक साझेदार राज्य के रूप में जुड़ा हुआ है।
यह कार्यक्रम कृषि, पर्यावरण और वन तथा जलवायु परिवर्तन, ग्रामीण विकास, शहरी विकास, पेयजल और स्वच्छता, बिजली आदि शीर्ष मंत्रालयों तथा नीति आयोग के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है, जिसमें उनके विशेष संगठन और सार्वजनिक इकाइयां, प्रमुख अंतर्राष्ट्रीय निकाय और निजी तथा सार्वजनिक व्यावसायिक घराने शामिल हैं।
इस प्रदर्शनी में विभिन्न तकनीकों, कृषि और सिंचाई क्षेत्र में सतत विकास के लिए जल प्रबंधन के उपलब्ध उपायों और हालिया विकास, ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति, औद्योगिक जल के उपयोग के बारे में दर्शाया गया है।
इस प्रदर्शनी से प्रदर्शकों को विभिन्न देशों के जल संसाधन क्षेत्र से जुड़े पेशेवरों तक व उत्पाद और सेवाएं पहुंचाने के लिए एक प्रकार से नेटवर्किं ग के अवसर उपलब्ध होंगे। प्रदर्शकों को इस क्षेत्र में अपना नेटवर्क बढ़ाने के अवसर भी मिलेंगे जिससे वे नए संयुक्त उद्यम ढूंढ पाएंगे और इस उभरते हुए एवं तकनीकी रूप से महत्वपूर्ण क्षेत्र के बढ़ते व्यवसाय का लाभ उठा सकेंगे।
भारत जल सप्ताह एक वार्षिक मंच है। इसकी अवधारणा और आयोजन पहली बार 2012 में किया गया था। इससे जल संसाधन मंत्रालय, नदी विकास और गंगा संरक्षण और भारत सरकार उपलब्ध जल के बेहतर इस्तेमाल, संरक्षण एवं परिरक्षण के लिए संगोष्ठियों, प्रदर्शनियों एवं नियमित सत्रों के माध्यम से जनता को जागरूक बनाती है एवं महत्वपूर्ण कार्य नीतियों के लिए समर्थन हासिल करती है।
‘सतत विकास के लिए जल प्रबंधन’ विषय पर यह तीसरा आयोजन है। दूसरा कार्यक्रम भारत जल सप्ताह-2013, नई दिल्ली में 8 से 12 अप्रैल 2013 को आयोजित किया गया था जिसका विषय ‘बेहतर जल प्रबंधन, चुनौतियां और अवसर’ था।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।