नई दिल्ली, 13 जनवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राधानी दिल्ली में मंगलवार को स्वाइन फ्लू के 10 नए मामले सामने आए हैं। एक स्वास्थ्य अधिकारी ने बताया कि इन मामलों के साथ ही दिल्ली में इस साल स्वाइन फ्लू के कुल 61 मामले दर्ज किए गए हैं।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी के मुताबिक, नए मामलों में छह पुरुष और चार महिलाएं शामिल हैं।
दिल्ली में स्वाइन फ्लू के लिए केंद्रीय अधिकारी चरण सिंह ने कहा, “महिला मरीजों में एक की उम्र 35 वर्ष है और वह फ्रीडम फाइटर एन्क्लेव की निवासी है। 31 वर्ष की अन्य दो महिलाओं में एक नेब सराय की रहने वाली है और दूसरी महिला लेडी हार्डिग मेडिकल कॉलेज की। बुद्ध विहार की निवासी एक 55 वर्षीय महिला भी स्वाइन फ्लू से पीड़ित है।
उन्होंने बताया कि स्वाइन फ्लू के पुरुष मरीजों में फ्रीडम फाइटर एन्क्लेव में रहने वाला एक डेढ़ साल का बच्चा भी शामिल है। इसके अतिरिक्त साउथ एक्सटेंशन निवासी 47 वर्षीय व्यक्ति, आश्रम निवासी 55 वर्षीय व्यक्ति, एम.बी. रोड निवासी एक 20 वर्षीय युवक, खिड़की एक्सटेंशन निवासी 29 वर्षीय युवक और नेब सराय निवासी 33 वर्षीय व्यक्ति स्वाइन फ्लू के मरीजों में शामिल हैं।
राजधानी में स्वाइन फ्लू के कारण अबतक छह लोगों की जान जा चुकी है। हाल ही में पश्चिमी दिल्ली की रहने वाली एक 44 वर्षीय महिला की रविवार को मौत हो गई थी।
इंडो-एशियन न्यूज सर्विस।