तिआानजिन नगरपालिका में प्रचार विभाग के उपप्रमुख गोंग जिआनशेंग ने संवाददाताओं को बताया कि 54 शवों की पहचान कर ली गई है, जबकि 70 लोग अब भी लापता हैं।
उन्होंने बताया कि मृतकों में 39 दमकलकर्मी और पांच पुलिसकर्मी हैं। लापता लोगों में अधिकतर दमकलकर्मी हैं।
बचावकर्मियों ने चार व्यापक तलाशी अभियान चलाए हैं, खोजबीन अब भी जारी है।
रासायनिक विशेषज्ञ जवानों के समूह का नेतृत्व करने वाले वांग के ने कहा, “जलते रसायनों और यहां रखे कंटेनरों की वजह से विस्फोट स्थल पर खोजबीन करना अत्यंत खतरनाक है, क्योंकि ये कंटेनर किसी भी समय गिर सकते हैं। हम अपना मार्ग न भटकें, इसके लिए हमें जगह-जगह निशान लगाना पड़ रहा है।”
तिआनजिन में 12 अगस्त की आधी रात को हुए दो भयावह विस्फोटों से कई किलोमीटर दूर तक तबाही हुई थी।
विस्फोट में घायल कुल 698 लोगों का सोमवार तक अस्पताल में उपचार चल रहा है, जिनमें से 57 की हालत गंभीर है।
बिनहाई न्यू एरिया में घटनास्थल पर सोमवार सुबह भी एक हल्का विस्फोट हुआ। यहां धुआं छंट गया है, लेकिन आग की लपटें अब भी देखी जा सकती हैं।
पर्यावरण सुरक्षा ब्यूरो के मुख्य इंजीनियर बाओ जिंगलिंग का कहना है कि विस्फोट स्थल पर लगभग 700 टन सोडियम सायनाइड रखा हुआ था, जो अब भी ठीक अवस्था में है।
इन विस्फोटों से 17,000 घरों और1,700 उद्यमों पर प्रभाव पड़ा है। करीब 6,000 स्थानीय निवासी विस्थापित हुए हैं।