इंचियोन (दक्षिण कोरिया)- एशियाई खेलों के 17वें संस्करण के आठवें दिन शनिवार को भारत ने अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण सहित कुल 10 पदक हासिल किए और पदक तालिका में 11वें स्थान पर पहुंच गया। भारतीय पुरुष स्क्वॉश टीम ने इतिहास रचते हुए स्वर्ण पदक हासिल किया, वहीं महिला स्क्वॉश टीम को रजत पदक से संतोष करना पड़ा। भारत ने स्क्वॉश में एक स्वर्ण सहित चार पदक जीते हैं, जो उसका एशियाई खेलों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है।
शनिवार को पहला स्वर्ण पदक भारतीय पुरुष तीरंदाजी टीम ने कंपाउंड स्पर्धा में दिलाया। भारतीय टीम ने फाइनल में मेजबान और विश्व चैम्पियन दक्षिण कोरिया को मात दी।
दक्षिण कोरिया फाइनल में जीत का बड़ा दावेदार माना जा रहा था, लेकिन रजत चौहान, संदीप कुमार और अभिषेक वर्मा वाली युवा भारतीय टीम ने अपेक्षा से कहीं बेहतर प्रदर्शन करते हुए 227-225 से जीत हासिल की।
इससे पहले भारतीय महिला तीरंदाजी टीम ने ईरान को हराकर कांस्य पदक जीता। तृषा देब, पूर्वाशा शेंडे और ज्योति सुरेखा ने यह सफलता हासिल की।
व्यक्तिगत स्पर्धा में भारत को अभिषेक वर्मा और तृषा देब ने भारत को क्रमश: रजत और कांस्य पदक दिलाए।
अभिषेक वर्मा व्यक्तिगत कंपाउंड स्पर्धा के फाइनल में ईरान के इस्माइल एबादी से 141-145 के अंतर से हार गए और उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।
दूसरी ओर तृषा देब ने दिन का अपना दूसरा पदक हासिल करते हुए व्यक्तिगत कंपाउंड स्पर्धा में कांस्य जीत लिया।
तृषा ने चीनी ताइपे की तीरंदाज जोउ हुआंग को 138-134 से हराया। तृषा ने इससे पहले टीम कंपाउंड स्पर्धा में भी कांस्य जीता।
निशानेबाज चैन सिंह ने कांस्य के रूप में भारत के लिए दिन का तीसरा पदक जीता। चैन सिंह ने पुरुषों की 50 मीटर रायफल 3 पोजिशन्स स्पर्धा में यह पदक हासिल किया।
ओंगनियोन इंटनेशनल शूंटिंग रेंज में चैन सिंह ने 441.7 अंकों के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। इस स्पर्धा का स्वर्ण चीन के काओ यीफी ने 455.5 अंकों के साथ जीता। यीफी के ही हमवतन झु किनान ने 455.2 अंक हासिल करते हुए रजत पदक पर कब्जा जमाया।
संजीव राजपूत और गंगन नारंग क्रमश: 12वां और 14वां स्थान हासिल कर फाइनल में प्रवेश नहीं कर सके।
चैन, संजीव और नारंग की टीम इससे पहले टीम स्पर्धा का कांस्य पदक जीतने से भी चूक गई। टीम स्पर्धा में भारतीय टीम 3480-135एक्स अंकों के साथ चौथा स्थान हासिल कर सकी।
इसके बाद एशियाई खेलों में शनिवार से शुरू हुए कुश्ती स्पर्धा में भारत ने दो कांस्य हासिल किए।
भारत की उभरती हुई महिला पहलवान विनेश फोगाट और गीतिका जाखड़ ने उम्दा प्रदर्शन करते हुए शनिवार को 17वें एशियाई खेलों की फ्रीस्टाइल स्पर्धा में भारत को दो कांस्य पदक दिला दिए।
ग्लासगो में आयोजित 20वें राष्ट्रमंडल खेलों में इस वर्ग का स्वर्ण जीतने वाली हरियाणा निवासी विनेश ने 48 किलोग्राम वर्ग में, जबकि गीतिका ने 63 किलोग्राम वर्ग में कांस्य पदक हासिल किए।
विनेश ने कांस्य पदक के मुकाबले में मंगोलिया की नारांगरेल ई. को 4-0 से हराया, जबकि गीतिका ने फ्रीस्टाइल स्पर्धा (63 किलोग्राम वर्ग) में वियतनाम की थी हिएन ली को एकतरफा मुकाबले में मात्र 55 सेकेंड में 5-0 से हराकर कांस्य पर कब्जा जमाया।
गीतिका ने 2006 में दोहा में हुए एशियाई खेलों में और इसी वर्ष ग्लासगो राष्ट्रमंडल खेलों में रजत पदक हासिल किया था।
पुरुष वर्ग में हालांकि भारत को निराशा हाथ लगी। अमित कुमार और प्रवीन राणा अपने-अपने प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबले हारकर बाहर हो गए।
अमित (57 किग्रा) को जापान के फुमीताका मोरीशिता ने 1-3 से हराया, जबकि प्रवीन (70 किग्रा) भी जापान के ताकाफोमी कोजिमा से हार गए।
दिन का आखिरी पदक एथलेटिक्स की 3000 मीटर स्टेपलचेज स्पर्धा से आया। ललिता शिवाजी बाबर ने स्पर्धा का कांस्य पदक जीता।
भारतीय धाविकाओं ललिता और सुधा ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए क्रमश: तीसरा और चौथा स्थान हसिल किया।
फाइनल लैप से पहले तक ललिता और सुधा क्रमश: दूसरे और तीसरे स्थान पर चल रही थीं, लेकिन चीनी धाविका ने आखिरी समय में गति पकड़ी और दूसरा स्थान हासिल कर लिया।
ललिता ने रेस पूरी करने के लिए नौ मिनट 35.37 सेकेंड समय लिया जबकि सुधा ने 9 मिनट 35.64 सेकेंड के साथ रेस पूरी की।
सुधा ने पिछले एशियाई खेलों में गेम्स रिकॉर्ड रचते हुए स्वर्ण पदक जीता था।
इसमें हालांकि नाटकीय मोड़ तब आया जब भारत ने स्पर्धा की विजेता बहरीन की रूथ जेबेथ के खिलाफ अपील कर दी, जिसके कारण पदक समारोह रोक दिया गया।
एक बार तो भारत की अपील स्वीकार करते हुए रूथ को अयोग्य करार दे दिया गया, लेकिन जल्द ही तकनीकी समिति ने निर्णय को पलटते हुए दोबारा रूथ को विजेता घोषित कर दिया।
इस पर भारत एशिया ओलम्पिक परिषद (ओसीए) या खेल पंचाट न्यायालय में दोबारा अपील करने पर विचार कर रहा है।
यदि भारत की दोबारा अपील स्वीकार कर ली जाती है और रूथ को अयोग्य करार दे दिया जाता है तो ललिता को जहां कांस्य की जगह रजत पदक मिल जाएगा, वहीं चौथे स्थान पर रहीं सुधा को कांस्य पदक मिल जाएगा।
भारतीय दल के साथ इंचियोन गए एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया कि भारत द्वारा अपील किए जाने के बाद पदक समारोह रोक दिया गया।
भारत की अपील स्वीकार करते हुए रूथ को पहले अयोग्य करार दे दिया गया, जिसके कारण उनका स्वर्ण पदक छिन गया। अयोग्य करार दिए जाने की घोषणा के बाद रूथ विचलित हो गईं और एक अधिकारी को उन्हें बाहर ले जाना पड़ा।
रेस की शुरुआत करते हुए लड़खड़ा जाने वाली रूथ ने जबरदस्त हौसला दिखाते हुए एशियाई खेलों में नया कीर्तिमान रच डाला और 9:31.36 सेकेंड समय के साथ स्वर्ण पदक हासिल किया।
मुक्केबाजी में भारत ने जबरदस्त प्रदर्शन किया और मैरीकॉम सहित शनिवार को रिंग में उतरने वाले सभी पांच भारतीय मुक्केबाजों ने क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली।
मैरीकॉम के अलावा महिला वर्ग से एल. सरिता देवी और पूजा रानी ने, जबकि पुरुष वर्ग से गौरव बीधूड़ी और मंदीप जांगड़ा ने अपने-अपने वर्ग के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश कर लिया।
लंदन ओलम्पिक में कांस्य पदक विजेता रहीं मैरीकॉम फ्लाईवेट (48-51 किलोग्राम) स्पर्धा में दक्षिण कोरिया की येजी किम को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से मात दे दी।
पांच बार की विश्व चैम्पियन मैरीकॉम अब क्वार्टर फाइनल में रविवार को चीन की हैजुआन सी से भिड़ेंगी।
पूर्व विश्व चैम्पियन सरिता देवी ने लाइटवेट (57-60 किलोग्राम) स्पर्धा के अंतिम-16 दौर के मुकाबले में उत्तर कोरिया की चुंगसोन री को 3-0 से हराया। सरिता देवी का रविवार को क्वार्टर फाइनल में मंगोलिया की सुव्ड एर्डेने ओयूंगेरेल से सामना होगा।
पूजा रानी ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए मिडिलवेट (69-75 किलोग्राम) स्पर्धा के अंतिम-16 दौर के मुकाबले में मंगोलियाई प्रतिद्वंद्वी उंद्रम एर्डेनेसोयोल को 3-0 से हराया।
पूजा रानी रविवार को चीनी ताइपे की दारा फ्लोरा शेन को क्वार्टर फाइनल में चुनौती देंगी।
पुरुष वर्ग की फ्लाई (52 किलोग्राम) स्पर्धा के अंतिम-16 दौर के मुकाबले में गौरव ने नेपाल के प्रेम चौधरी को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से हरा दिया। गौरव अब सोमवार को उजबेकिस्तान के शखोबिदिन जोईरोव से क्वार्टर फाइनल मुकाबला खेलेंगे।
इसके बाद पुरुष वर्ग की वेल्टरवेट स्पर्धा (69 किलोग्राम) के अंतिम-16 दौर के मुकाबले में मंदीप जांगड़ा ने चीन के वेई लीयू 2-1 से हरा दिया।
मंदीप अब सोमवार को क्वार्टर फाइनल मुकाबले में थाईलैंड के आपिचेत साएनसित का सामना करेंगे।