हिंदी संस्थान के निदेशक सुधाकर अदीब ने बताया कि सोमवार को संस्थान के यशपाल सभागार में होने वाले कार्यक्रम में 103 साहित्यकारों का अलंकरण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि समरोह में सर्वोच्च साहित्यिक पुरस्कार भारत-भारती वाराणसी के वरिष्ठ कथाकार काशीनाथ सिंह को प्रदान किया जाएगा। उन्हें पांच लाख रुपये दिए जाएंगे।
वहीं दिल्ली की मृदुला गर्ग को लोहिया साहित्य सम्मान, छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ साहित्यकार विनोद कुमार शुक्ल को हिंदी गौरव सम्मान, बलिया के डॉ. कृष्ण बिहारी मिश्र को महात्मा गांधी साहित्य सम्मान, जौनपुर के मूल निवासी व संस्कृत विद्वान प्रो. अभिराज राजेंद्र मिश्र को पं. दीनदयाल उपाध्याय सम्मान और डॉ. रामकृष्ण राजपूत को अवंतीबाई साहित्य सम्मान से अलंकृत किया जाएगा।
इसके अलावा राजर्षि पुरुषोत्तम टंडन सम्मान कर्नाटक हिंदी प्रचार समिति (बेंगलुरू) को दिया जा रहा है। प्रत्येक श्रेणी में चार-चार लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही लखनऊ के राजकृष्ण मिश्र व रंगनाथ मिश्र ‘सत्य’ को साहित्यभूषण, वेदा राकेश को कलाभूषण, डॉ. चक्रधर नलिन को बाल साहित्य भारती, भालचंद्र तिवारी को मधुलिमये साहित्य सम्मान दिया जाएगा।
इसी कार्यक्रम में डॉ. ओमप्रकाश मिश्र को विद्याभूषण व डॉ. विनोद जैन व डॉ. सुधीर शुक्ल को विश्वविद्यालयस्तरीय सम्मान दिया जाएगा। यही नहीं, नामित व सर्जना पुरस्कारों में त्रिवेणी प्रसाद दुबे मनीष, नीरजा हेमेंद्र, एपी मिश्र, रोशन प्रेमयोगी, डॉ. गोपाल कृष्ण शर्मा ‘मृदुल’, गजाला जैगम, पूर्व डीजीपी महेश चंद्र द्विवेदी, रजनी गुप्त, शीला पांडे और पंकज प्रसून को पुरस्कृत किया जाएगा।